भिटौली का मतलब है मिलना या भेंट करना| पुराने ज़माने में उत्तराँचल के दूर दराज के गांवों में जाने का कोई साधन नहीं था| लोग दूर दूर तक पैदल ही जाया करते थे| एक दिन में १५-२० मील का सफ़र तय कर लेते थे| रास्ते भी जंगलों के बीच में से हो कर जाते थे| जंगलों में अनेक प्रकार के जानवर भी हुआ करते थे| उस ज़माने में बच्चों की शादी छोटी उम्र में ही कर देते थे| नई ब्याही लड़की अकेले अपने मायके या ससुराल नहीं जा सकती थी| कोई न कोई पहुँचाने वाला चाहिए था| इस तरह कभी तो ससुराल वाले लड़की को मायके भेजते नहीं थे और कभी कोईपहुंचाने वाला नहीं मिलता था| हमारे पहाड़ में चैत के महीने को काला महिना मानते हैं और नई ब्याही लड़की पहले चैत के महीने में ससुराल में नहीं रहती है| उसको मायके में आना होता है| इस तरह ससुराल जाते समय भाई अपनी बहिन को या पिता अपनी बेटी को कुछ न कुछ उपहार दे कर ससुराल को बिदा करते थे| पहले चैत के बाद लड़की को जब कोई पहुँचाने वाला मिलता तो ही वह मायके आ सकती थी| कई बार तो लड़की सालों तक भी अपने मायके नहीं जा पाती थी| उसको अपने मायके की नराई तो बहुत लगती थी पर ससुराल में रहने को बाध्य थी| पुराने बुजुर्गों ने इस बिडम्बना को दूर करने के लिए एक प्रथा चलाई| जिस का नाम भिटौली रक्खा गया| इस प्रथा में भाई हर चैत के महीने में बहिन के ससुराल जाकर उसको कोई उपहार भेंट कर के आता है| जिस में गहने कपडे और एक गुड की भेली होती है| गुड की भेली को तोड़ कर गांव में बाँट दिया जाता है, जिस से पता चलता है की फलाने की बहु की भिटौली आई है| एक बार एक भाई भिटौली लेकर अपनी बहिन के पास गया| बहिन उस समय सोई हुई थी तो भाई ने उसे जगाने के बजाय उसके जागने का इंतजार करना ठीक समझा,और वह वहीँ बैठा उसके जागने का इंतजार करने लगा | भाई के जाने का समय हो गया पर बहिन नहीं जागी| भाई उसकी भिटौली उसके सिरहाने रख कर एक चरेऊ ( गले में डालने वाली माला ) उसके गले में लटका गया और खुद गांव को वापस आ गया| बहिन की जब नींद खुली तो देखा कि उसके गले में चरेऊ लटक रहा है, भिटौली सिरहाने रक्खी है पर भाई का कोई पता नहीं है| वह भाई को आवाज देती बाहर आई | भाई को कहीं भी न देख कर उसके मन में एक टीस उठी और बोली "भै भूखो मैं सीती" मतलब भाई भूखा चला गया और में सोई रह गई| बहिन इस पीड़ा को सहन नहीं कर सकी और दुनिया से चली गई| अगले जन्म में वह घुघुति (फाख्ता) बन कर आई जिस के गले में एक काले रंग का निशान होता है और बोलने लगी " भै भूखो मैं सीती, भै भूखो मै सीती " जो आज भी पेड़ों पर बैठी बोलती सुनाई देती है| और आज भी इस परम्परा को निभाते हुए एक भाई अपनी बहिन को चैत के महीने में भिटौली देने जरुर जाता है| परन्तु आजकल अधिकतर भाई अपनी नौकरी के सिलसिले में दूर रहते हैं और अब व्यस्तता अधिक हो गयी है सो बहिनों को मनीओडर या कोरिअर भेजकर भाई अपने फ़र्ज़ की इतिश्री कर देते हैं | हमारी उन भाइयों से अर्ज है कि वे साल में एक बार चैत के महीने में बहिन के घर खुद जाकर उसे भिटौली दें , जिस से इस परम्परा को जीवित रक्खा जा सके| धन्यवाद| के. आर. जोशी.( पाटली)
Tuesday, March 22, 2011
Wednesday, March 16, 2011
फूलधेयी
फूलधेयी का मतलब धेयी( देहरी ) पर फ़ूल डालकर उस घर में रहने वालों के लिए शुभकामना करना है| जिस तरह अंग्रेज लोग फूलों का गुच्छा (बुके) देकर अभिवादन करते हैं ठीक उसी तरह उत्तराँचल के कुमाऊ आँचल में चैत महीने के शुक्ल पक्ष के पड़ेले को( जिसे संवत्सर पड़ेला भी कहते हैं) इस फूलों के त्यौहार को मानते है| इस दिन से नया साल सुरु हो जाता है| शायद नए साल की ख़ुशी में ही इस त्यावाहर का प्रचालन हुवा हो|
इस त्यौहार में छोटे बच्चों की बहुत दिलचस्पी होती है| बच्चे एकदिन पहले से ही तयारी में लग जाते हैं| पहले दिन शाम को ही कई रंगों के फ़ूल तोड़ कर ले आते हैं| जिस में बुराश, प्योली, मिझाऊ, गुलाब आदि के फ़ूल होते हैं| पड़ेले के दिन सुबह उठ कर धेयी (देहरी) को लीप कर साफ किया जाता है | छोटे बच्चे नहा धो कर तयार होते हैं| फिर एक थाली या टोकरी जो बांस की बनी होती है जिसे कुमाउनी में टुपर कहते हैं में कुछ चावल और फ़ूल रख कर बच्चे गांव में हर घर की धेयी (देहरी) में जाकर फ़ूल डालते हैं और मुंह से बोलते हैं|
इस त्यौहार में छोटे बच्चों की बहुत दिलचस्पी होती है| बच्चे एकदिन पहले से ही तयारी में लग जाते हैं| पहले दिन शाम को ही कई रंगों के फ़ूल तोड़ कर ले आते हैं| जिस में बुराश, प्योली, मिझाऊ, गुलाब आदि के फ़ूल होते हैं| पड़ेले के दिन सुबह उठ कर धेयी (देहरी) को लीप कर साफ किया जाता है | छोटे बच्चे नहा धो कर तयार होते हैं| फिर एक थाली या टोकरी जो बांस की बनी होती है जिसे कुमाउनी में टुपर कहते हैं में कुछ चावल और फ़ूल रख कर बच्चे गांव में हर घर की धेयी (देहरी) में जाकर फ़ूल डालते हैं और मुंह से बोलते हैं|
फ़ूल धेयी, छम्मा धेयी, देणी द्वार, भर भाकर|
यौ धेयी सौ बार, बारम्बार नमस्कार|
फिर उस परिवार वाले बच्चों को अपनी सामर्थ मुताबिक गुड, चावल मिठाई, पैसे आदि देते हैं| इस प्रकार जो चावल और गुड इकठ्ठा होता है उस से एक पकवान बनाया जाता है जिसे सेई कहते हैं| यह पकवान चावल के हलवे की तरह होता है| जो खुद भी खाते हैं और पास पड़ोस में भी बाँटते हैं| इस तरह कुमाउनी बच्चे फ़ूल धेयी छम्मा धेयी का नारा लगा कर इस परम्परा को जिन्दा रक्खे हुए हैं|
Sunday, March 6, 2011
माँ की लोरियाँ
माँ की आवाज
अंधेरों में सोते से
अचानक जगाती है
वह माँ जो मुझे
लोरियां गाकर सुनती थी,
आज अकेले में गाकर दो पंक्तियाँ
स्वयं को सहज पाती है
इतनी दूर से भी उसका स्पर्श
वो हाथ, वो बात, वो लोरियां
सब कुछ याद आता है
तो मेरा ह्रदय अचानक ही
द्रवित हो जाता है
आंसू छलकते हैं आँखों से
मन उदास और उदास हो जाता है
चाहता हूँ मैं भी कि संग रहूँ सब के
पर सोचते- सोचते ही सबेरा हो जाता है
और पुन: नवीन दिवस के साथ
नवीन कल्पनाएँ संजोने लगता हूँ
रात में फिर माँ की, लोरियों की
यादों में खोने लगता हूँ|
Saturday, February 26, 2011
वृक्ष -दोहावली
यही हमारी भारतीयता, यही हमारा हिन्दू धर्म||
पत्र- पत्रमें देव विराजित रोग सभी करती है नाश|
तुलसी तुमको नित बंदन है,सभी तीर्थका तुममें वास||
पीपल जो अश्वत्थ कहता,श्रीकृष्ण का जिस में वास|
इसे काटना महां पाप है, ऐसा मनमें हो विश्वास||
सभी मांगलिक कार्यों की है शोभा कदली वृक्ष|
हरा भरा हो जल सिचनसे, ऐसा रहे सर्वदा लक्ष||
बाग-बगीचे आँगन-बाड़ी, वृक्ष 'आमलक' हो हर ठौर|
सदियों से पूजा जाता है, सभी औषधियों का सिरमौर||
बेर-वृक्ष लक्ष्मी-परिचायक,बद्री वृक्ष जिसे कहते हैं|
शबरी के मीठे बेरों की, राम प्रशंसा खुद करते हैं||
फल का राजा आम कहाता,आम्र-वृक्ष भारतका गौरव|
वातावरण पवित्र बनाता,आम्र-मंजरी का यह सौरभ ||
पेड़ नारियलका उपयोगी,मधुर पौष्टिक श्रीफल नाम|
पंखे, झाड़ू, रस्सी, बोरी और तेल भी आता काम||
मन वांछित फल जो देता है,बोधिसत्व का ज्ञान|
छाया से मन हर्षित होता, वटका वृक्ष महान||
खैर, खेजद्री, शीशम, साल, चीड़, चिनार और बांज, बुरांस|
कटहल,इमली, जामुन, लीची, गुलर, नीम, बबूल, पलास||
सभी वृक्ष कितने उपयोगी, पत्थर मारो फल देते हैं|
ब्यर्थ न काटो, इन्हें बचाओ, ये धरती को जल देते हैं|| (कल्याण में से )
Thursday, February 17, 2011
सहारा
अंगुली पकड़ कर चलनेवाला मैं,
उस दिन बिना सहारे के चला था|
पहली बार गिरा फिर रोया,
रोता रहा बेजार|
मुझे सहारा चाहिए था खड़ा होने के लिए,
उन सहारों को पकड़ कर आहिस्ता आहिस्ता चलने के लिए|
मगर कोई नहीं आया,
मैं चीखा था चिल्लाया था|
मैंने हाथ भी फैलाए थे,
मगर कोई नहीं आया|
तब मैंने ढूंढा था,
शायद खुद में ही खुद के लिए सहारा|
तब मैं नादान था इन बातों से अंजान था,
पर अब कभी जब भी मैं गिरता हूँ,
रोता नहीं, पर सोचता जरुर हूँ,
यदि उस दिन किसी ने सहारा दिया होता,
तो मैं जिन्दगी भर सहारों के बल पर ही चल रहा होता|
Thursday, February 10, 2011
स्वर्ग से मेले तक
इस बेकारी ने इस लोक तो क्या, स्वर्ग लोक तक दिखा दिया|
मज़बूरी से आवेदन पत्र पर, हमने भी अपना नाम लिख दिया||
सुना है स्वर्ग में पोस्टों का, एक खुला बम्पर आया|
एक - एक करके लाइन से, हमारा भी नंबर आया||
घूमती कुर्सी में बैठे यमराज, एक - एक करके बुला रहे हैं|
नुक्स गलतियाँ कई बता कर, बेरोजगारों को रुला रहे हैं||
बोले- तुम्हारे पोस्टल आर्डर में, डेट ठीक से नहीं चढ़ी हुई है|
वैसे भी इस पोस्ट के लिए, तुम्हारी उम्र बढ़ी हुई हैं||
बोले कितने ही काल अकाल से, यहाँ भी अब भीड़ बढ़ चुकी है|
यहाँ भी बेकारी, भुखमरी की, गहरी साज गढ़ चुकी है||
जाओ एक बार कर्म के मन्दिर में,फिर से माथा टेक के आओ|
वहां लगा है सुन्दर मेला, उसका ताँता देख के आओ||
देखा लौट के इस जहाँ में, बेकारी का मेला लगा हुआ है|
इस भीड़ में उपद्रव का, जगह जगह पर झमेला लगा हुआ है||
कहीं सपेरा मरे सांप के ऊपर, अपनी बीन बजा रहा है|
बन्दर वाला लाठी के बल पर,भूखे बन्दर को नचा रहा है||
दशा दृश्य मेले की देख, कहीं हम रो न जाएँ|
डर है इस मेले में आज, कहीं हम खो न जाएँ||
Saturday, February 5, 2011
बसंत पंचमी
बसंत पंचमी का त्यौहार सारे भारतवर्ष में बड़े धूम धाम से मनाया जाता है| इसे श्री पंचमी के नाम से भी जाना जाता है| इस दिन माता सरस्वती की पूजा की जाती है| बच्चे अपनी कापी किताबें,नोटबुक आदि माँ सरस्वती के चरणों में रखते हैं और अच्छी विद्या के लिए प्रार्थनाएँ करते हैं| सरस्वती माता को विद्या की देवी भी कहते हैं| बसंत ऋतु भी इसी दिन से शुरू होती है| पतझड़ के बाद पेड़ों में नई कोपले फूटती हैं| सभी पेड़ों में रंग बिरंगे फूल निकल आते हैं| पेड़ों में नई बहार आ जाती है| जिसे देख कर मन प्रसन्न हो जाता है| इस दिन पतंग उड़ाने का भी रिवाज है|
बसंत पंचमी को लोग पीले वस्त्र पहनते हैं पीला रुमाल इस्तेमाल करते हैं| केशर डाल कर पीले चावल बनाते हैं| इस दिन से होली की बैठकें भी शुरू हो जाती हैं| आज से ही पीला गुलाल उड़ाना शुरू हो जाता है| हमारे कुमाऊं में आज के दिन लोग कई प्रकार के पकवान बनाकर अपने ४-६ महीने के बच्चे को अन्न ग्रहण कराते हैं| इसको बच्चे की पाशिणी कहते हैं|
आज के दिन कुमाऊं में जौ के छोटे छोटे पौधों को लाकर इन की प्रतिष्ठा की जाती है,और अपने अपने इष्ट देवता के मंदिरों में चढ़ाया जाता है| उसके बाद बड़े बुजुर्ग लोग बच्चों को बैठा के उन्हें हरेले की तरह जौ लगाते हैं| बुजुर्ग लोग अपने दोनों हाथों में जौ के तिनके पकड़ कर पहले बच्चों के पैरों में फिर घुटनों में, बाँहों में, कंधे में फिर आखिर में सर में रख देते हैं| साथ में आशीर्वाद के तौर पर कहते हैं
लाग श्री पंचमी, लाग हर्यावा, लाग दसें (भाव :- श्री पंचमी, हरेला और दश हरा तीनों त्यौहार लगें)
स्यावकी जसि बुद्धि है जो,सिंह जस त्राण है जो (भाव:-लोमड़ी कि तरह तेज बुद्धि हो,शेर की तरह ताकतवर बनो)
सिल पिसि भात खाए, जान्ठी टेकि झाड़ी जाये (भाव:-इतना बूढ़ा हो जाना कि भात को भी पीस कर खाना,और लाठी टेकते होए जंगल पानी जाना)
जी रये, जगी रये, बची रये| (भाव:-जीते जागते बचे रहना|) फोटो साभार गूगल |
||सभी ब्लॉग प्रेमियों को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएँ| ||
||सभी ब्लॉग प्रेमियों को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएँ| ||
Subscribe to:
Posts (Atom)



